Connect with us

वाराणसी

जलालीपुरा अंडरपास खुला, कज्जाकपुरा क्रॉसिंग पर जाम से मिलेगी राहत

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। शहर के कज्जाकपुरा रेल ओवरब्रिज के समीप स्थित जलालीपुरा रेलवे क्रॉसिंग संख्या 24 पर निर्मित अंडरपास को रेलवे ने आम जनता के लिए खोल दिया है। इस अंडरपास के शुरू होने से शहर और वरुणापार क्षेत्र के लगभग पांच लाख लोगों को लंबे समय से लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

वाराणसी सिटी और औड़िहार के बीच स्थित इस रेलवे क्रॉसिंग से प्रतिदिन सौ से अधिक ट्रेनें गुजरती हैं। ट्रैफिक दबाव अधिक होने के कारण लोगों को अक्सर घंटों तक फाटक बंद रहने पर इंतजार करना पड़ता था, जिससे न केवल आमजन परेशान होते थे बल्कि कई बार ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित होता था।

इस समस्या के समाधान के लिए रेलवे ने करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से डबल लेन अंडरपास का निर्माण कार्य लगभग एक वर्ष पहले शुरू कराया था, जो अब पूरा हो चुका है। अंडरपास के चालू होने से जलालीपुरा, चुंगी, मड़िया, अमरपुर बटलोहिया, भरवटी, पंचकोसी, नवापुरा, शक्कर तालाब, सरैया, लाटभैरव और शैलपुत्री समेत आसपास के क्षेत्रों की लगभग दो लाख की घनी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा, वहीं पूरे वरुणापार इलाके के लोगों की आवाजाही सुगम हो जाएगी।

कज्जाकपुरा आरओबी चालू होने के बाद भी जलालीपुरा रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की समस्या बनी हुई थी, जिसे अब इस अंडरपास के माध्यम से दूर किया जा सकेगा। पंचक्रोशी, चंद्रा चौमुहानी, कपिलधारा, बलुआ, नक्खीघाट, अशोक विहार और पहड़िया की ओर जाने वाले वाहन भी इस मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।

डबल लेन अंडरपास होने के कारण गोलगड्डा की दिशा से आने वाले वाहन जीटी रोड की ओर पहले अंडरपास से गुजरेंगे, जबकि जलालीपुरा की ओर से आने वाले वाहन सीधे क्रॉसिंग की दिशा में निकल सकेंगे। इस अंडरपास से चार पहिया वाहनों के साथ छोटे मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी संभव होगी।

Advertisement

करीब 270 मीटर लंबा, 38 फीट चौड़ा और 15 फीट ऊंचा यह अंडरपास अब रेलवे क्रॉसिंग संख्या 24 पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page