Connect with us

चन्दौली

हार्वेस्टर की चिंगारी से लगी आग, 40 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख

Published

on

Loading...
Loading...

बबुरी (चंदौली)। क्षेत्र के जरखोर गांव के सिवान में सोमवार दोपहर हार्वेस्टर से निकली चिंगारी के कारण गेहूं की खड़ी फसल में भीषण आग लग गई। इस घटना में लगभग 40 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार की दोपहर गांव में हार्वेस्टर द्वारा गेहूं की कटाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मशीन से निकली चिंगारी ने खड़ी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही हार्वेस्टर चालक मशीन लेकर मौके से फरार हो गया।

आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक किसानों की लगभग 40 बीघा फसल जलकर नष्ट हो चुकी थी।

घटना के बाद आक्रोशित किसानों ने हार्वेस्टर को घेर लिया और मालिक से नुकसान की भरपाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे बबुरी थाना अध्यक्ष विनोद कुमार मिश्रा ने लोगों को समझाकर शांत कराया और हार्वेस्टर को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया।

पीड़ित किसान गुल्लु राम, लक्ष्मण सहित अन्य किसानों ने बताया कि वे छोटे किसान हैं और किराये पर खेत लेकर खेती करते हैं। उनका कहना है कि यदि सरकारी मुआवजा मिलता भी है तो वह खेत मालिक को जाएगा, जिससे उन्हें कोई लाभ नहीं होगा। उन्होंने हार्वेस्टर मालिक से ही नुकसान की भरपाई की मांग की है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पहले बाढ़ के कारण धान की फसल बर्बाद हो चुकी थी और अब इस आगजनी की घटना ने उनकी गेहूं की फसल भी नष्ट कर दी है।

आग की इस घटना में हरि प्रताप सिंह की लगभग 30 बीघा, गुल्लु राम की 1 बीघा, झूंन्नू राम की 2 बीघा, बुद्धू राम की 1 बीघा, लक्ष्मण की डेढ़ बीघा, चंदा देवी की 14 बिस्सा तथा राम सूरत की डेढ़ बिस्सा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page