Connect with us

गोरखपुर

दुबई से लौटे युवक को अगवा कर लूटा, एक आरोपी गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। जिले में दुबई से लौट रहे युवक के साथ अपहरण और लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कुशीनगर जनपद के तमकुहीराज क्षेत्र के पथरवा गांव निवासी ताज मोहम्मद को कार सवार बदमाशों ने गोरखपुर में अपने झांसे में लेकर अगवा कर लिया। आरोप है कि रास्ते में उन्हें नशीला पदार्थ सुंघाकर उनका आईफोन और तीन हजार रुपये लूट लिए गए, इसके बाद बदमाश उन्हें कुशीनगर सीमा में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर सक्रिय हुई कैंट पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर कार्रवाई करते हुए आजमगढ़ निवासी आरोपी अर्जुन यादव को ट्रांसपोर्टनगर के पास से कार सहित गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अब भी फरार है। पुलिस के अनुसार घायल अवस्था में पड़े ताज मोहम्मद को राहगीरों ने कुशीनगर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

Loading...

बताया गया कि ताज मोहम्मद दुबई में काम करते हैं और शुक्रवार रात लखनऊ पहुंचे थे। वहां से बस के जरिए शनिवार तड़के करीब 3:24 बजे गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। इस दौरान उनकी पत्नी जुबेदा खातून से फोन पर बातचीत हुई, लेकिन इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। पत्नी की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की और मोबाइल की लोकेशन रेलवे स्टेशन के पास मिली। सीसीटीवी फुटेज में ताज मोहम्मद को एक कार में बैठते हुए देखा गया, जिसके आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई की।

जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित कार बलिया से बेची गई थी। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद पीड़ित को सड़क किनारे फेंक दिया गया था। एएसपी अरुण कुमार यश ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page