गोरखपुर
एटीएम-ओटीपी साझा किए बिना खाते से निकले लाखों रुपये, पीड़ित ने दी तहरीर
गोरखपुर। हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सोपरा निवासी बालकेश मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ साइबर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बालकेश मिश्रा ने थाना पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह भारतीय स्टेट बैंक की खजनी शाखा के खाताधारक हैं। उनके अनुसार 19 दिसंबर 2025 की रात लगभग साढ़े नौ बजे उनके बैंक खाते से बिना अनुमति और बिना जानकारी के धोखाधड़ी करते हुए तीन लाख अठासी हजार रुपये निकाल लिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी भी व्यक्ति को अपना एटीएम कार्ड, पिन, ओटीपी अथवा अन्य कोई गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा नहीं की थी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष विवेक कुमार मिश्र ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 66 सी और 66 डी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
