Connect with us

वाराणसी

कपसेठी-बाबतपुर मार्ग होगा सिक्सलेन, 63 करोड़ से अधिक की परियोजना को मंजूरी

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जनपद में बाबतपुर एयरपोर्ट तक बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध कराने और रिंग रोड पर बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के उद्देश्य से कपसेठी से बाबतपुर मार्ग को सिक्सलेन बनाने की योजना को मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना के लिए शासन ने 63 करोड़ 57 लाख 56 हजार रुपये की लागत स्वीकृत की है। अधिकारियों के अनुसार जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर सड़क निर्माण का कार्य आरंभ कराया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक बाबतपुर एयरपोर्ट तक आने-जाने वाले यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए इस परियोजना को तैयार किया गया है। सड़क बनने से वाराणसी के अलावा प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही जिलों के लोगों को भी एयरपोर्ट तक पहुंचने में सुविधा होगी। वर्तमान में जंसा–राजातालाब और हरहुआ के बीच रिंग रोड पर भारी वाहनों के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

परियोजना के तहत कपसेठी से बाबतपुर तक लगभग 8.5 किलोमीटर लंबी और 26 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए शासन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में पहली किस्त के रूप में 6.30 करोड़ रुपये जारी करने का निर्णय लिया है। बजट जारी होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

इसके अतिरिक्त चांदपुर मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य भी अगले महीने से तेज किया जाएगा। इसके तहत लहरतारा से मंडुवाडीह चौराहा, पिंडरा तिराहा, सुंदरपुर, लंका चौराहा, नदेसर तिराहा और चौकाघाट कॉलोनी जैसे प्रमुख मार्गों को जोड़ने वाली सड़कों का चौड़ीकरण किया जाएगा। इन सड़कों को लगभग 2.6 मीटर तक चौड़ा किया जा रहा है, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

अधिकारियों का कहना है कि नई सड़क बनने से रिंग रोड पर वाहनों का दबाव कम होगा और एयरपोर्ट तक पहुंचने में लगने वाला समय भी घटेगा। साथ ही जंसा–राजातालाब और हरहुआ के बीच लगने वाले जाम से भी राहत मिलने की उम्मीद है, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों दोनों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page