गाजीपुर
पिलर पर गिरने से मासूम की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
दुल्लहपुर (गाजीपुर) जयदेश। जनपद के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के खुद बख्शपुर चौहान बस्ती में खेलते समय हुए दर्दनाक हादसे में 3 वर्षीय बालक आयांश चौहान की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब आयांश घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह पहले से बने निर्माणाधीन पिलर के ऊपर गिर पड़ा।
बताया जा रहा है कि पिलर पहले से तैयार था और उसमें निकले लोहे के सरिये मौजूद थे। बच्चे के पिलर के ऊपर गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं। परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे, लेकिन उसने दम तोड़ दिया। स्पष्ट है कि सरिया बच्चे के ऊपर नहीं गिरा, बल्कि बच्चा पिलर पर गिरकर घायल हुआ।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता मोहन चौहान व माता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और हर आंख नम हो उठी। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए निर्माण स्थलों पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
घटना के बाद खुदाबक्शपुर गांव में मातम पसर गया। पूर्व प्रधान रामाश्रय चौहान, सपा के वरिष्ठ नेता जितेंद्र भारती, विंध्याचल चौहान और प्रधान प्रतिनिधि चांदी यादव सहित कई गणमान्य लोगों ने शोक संतप्त परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की। देर शाम परिजनों ने गमगीन माहौल में मासूम का अंतिम संस्कार किया। इस दुखद घटना से पूरा गांव स्तब्ध है।
