वाराणसी
लोन के नाम पर ब्याज वसूली और मारपीट का आरोप, केस दर्ज
वाराणसी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंबिया मंडी निवासी संजय कुमार गुप्ता ने लोन के नाम पर ब्याज वसूलने और मारपीट का आरोप लगाते हुए आकाश सेठ, अविनाश सेठ और अभिषेक सेठ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने विश्वेश्वरगंज स्थित एक फाइनेंस कंपनी की शाखा से मोबाइल लोन लिया था। इसी दौरान उनकी मुलाकात अविनाश सेठ से हुई, जिसने सस्ते लोन का झांसा देकर उनकी पहचान आकाश सेठ से कराई।
तहरीर में संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि आकाश सेठ ने उन्हें ऑनलाइन दो लाख रुपये दिए थे, जिसके बदले वह अब तक दो लाख 60 हजार रुपये चुका चुके हैं। आरोप है कि नौ जनवरी को विश्वेश्वरगंज में एक बैंक शाखा के पास आकाश सेठ ने उन्हें रोक लिया और ब्याज व मूल धन की मांग करने लगा। संजय के विरोध करने पर आकाश सेठ, अविनाश सेठ और अभिषेक सेठ ने उनके साथ मारपीट की। थाना प्रभारी कोतवाली दया शंकर सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच की जा रही है।
