गाजीपुर
खेतों की रखवाली करने निकले युवक का पेड़ से लटकता मिला शव
खानपुर (गाजीपुर) जयदेश। जिले के खानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नायकडीह गांव में मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव आम के बगीचे में पेड़ से लटकता मिला। मृतक की पहचान 25 वर्षीय अवनीश सिंह के रूप में हुई है। उसका शव गांव के बाहर आम के बगीचे में पेड़ पर गमछे के सहारे फंदे से बंधा हुआ मिला। सुबह महिलाओं की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद स्वजन मौके पर पहुंचे।
परिजनों के मुताबिक अवनीश बीती रात खाना खाने के बाद करीब आठ बजे खेतों की रखवाली के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। बाद में आम के पेड़ पर शव लटकने की सूचना मिली। बताया गया कि शव घर से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर जमीन से लगभग दस फीट की ऊंचाई पर लटक रहा था।
अवनीश चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसने पढ़ाई छोड़ दी थी और पिता माताप्रसाद के साथ खेती-किसानी में हाथ बंटाता था, जबकि उसके तीनों भाई मुंबई में रहकर नौकरी करते हैं। अवनीश अविवाहित था और परिवार के अनुसार वह तनाव की स्थिति में एक साल पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुका था।
इधर, परिवार बेटी की शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। बेटे का शव देख मां उषा देवी और इकलौती बहन रुनझुन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस मामले में थाना प्रभारी खानपुर राजीव पांडेय ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है।
