राज्य-राजधानी
नगर पंचायत बखिरा में जल निकासी व्यवस्था ध्वस्त
वार्ड 9 के लोग नारकीय हालात में जीने को मजबूर
संतकबीर नगर। जनपद के नगर पंचायत बखिरा अंतर्गत वार्ड नंबर 9 अमरडीहा में जल निकासी की व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। नालियों की साफ-सफाई और उचित निकासी न होने के कारण घरों के सामने पानी जमा हो रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। स्थानीय लोगों को मजबूरी में ड्राम लगाकर पानी इकट्ठा करना पड़ रहा है, इसके बावजूद गंदा पानी सड़कों और गलियों में बजबजाता रहता है।
लगातार जलभराव के कारण क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा तेजी से बढ़ गया है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से डेंगू, मलेरिया और अन्य बीमारियों को लेकर लोगों में दहशत बनी हुई है। इसके बावजूद नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या की ओर पूरी तरह से आंखें मूंदे हुए हैं।
समस्या से परेशान होकर ग्रामीणों और वार्डवासियों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।
प्रदर्शन में अशफाक अहमद मोहम्मद सईद, जलालुद्दीन ओबैदुल्ला, मोहम्मद सुहैब, अबू सहमा, अब्दुल करीम, अब्दुल रहीम, अली हुसैन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल रहे। लोगों ने मांग की कि जल्द से जल्द नालियों की सफाई कराकर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।
