Connect with us

दुर्घटना

तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल सवार किशोर को कुचला

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। वाराणसी–गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चौबेपुर थाना क्षेत्र के मोलनापुरपुर गांव के पास मंगलवार सुबह करीब छह बजे तेज रफ्तार से आ रहे एक डंपर ने साइकिल सवार किशोर को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में जान गंवाने वाले किशोर की पहचान ढाका गांव निवासी 17 वर्षीय आकाश निषाद, पुत्र कमल निषाद के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आकाश रोज की दिनचर्या के तहत सुबह साइकिल से चौबेपुर स्थित खेल मैदान में दौड़ लगाने जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किशोर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

दुर्घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और गुस्से में आकर हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर चौबेपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित भीड़ काफी देर तक उग्र बनी रही। ग्रामीणों का कहना है कि आकाश अपने परिवार का इकलौता पुत्र था।

बताया गया कि आकाश दिन में मछली पकड़कर परिवार के भरण-पोषण में हाथ बंटाता था और सुबह-शाम दौड़ लगाकर व कोचिंग कर फौज में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शव को देखते ही पिता कमल निषाद बेसुध होकर फूट-फूट कर रोने लगे और बार-बार यही कहते रहे कि अब उनका सहारा कौन बनेगा। मां, बहन और अन्य परिजन भी दहाड़ें मारकर रोते रहे। पूरे गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page