Connect with us

मनोरंजन

Dhurandhar की कहानी में छिपे रह गए ये बड़े राज

Published

on

कमाई में रिकॉर्ड, कहानी में सस्पेंस

मुंबई। रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म धुरंधर इन दिनों दर्शकों और बॉक्स ऑफिस दोनों पर जबरदस्त असर छोड़ रही है। छह गल्फ देशों में प्रतिबंध के बावजूद फिल्म लगातार कमाई के नए रिकॉर्ड बना रही है। फिल्म ने 9 दिनों में 292 करोड़ की कमाई कर डाली है।

आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म को इसकी कहानी, एक्शन, भावनात्मक गहराई और प्रस्तुतिकरण के लिए सराहा जा रहा है। हालांकि, फिल्म देखने के बाद दर्शकों के मन में कई ऐसे सवाल भी रह गए हैं, जिनका स्पष्ट जवाब फिल्म में नहीं मिल पाया है।

धुरंधर एक वास्तविक घटनाओं से प्रेरित कहानी पर आधारित है। फिल्म में कांधार हमले, संसद पर हमला और पाकिस्तान के ल्यारी इलाके में रहमान डकैत के दबदबे के साथ-साथ वहां सक्रिय आतंकी नेटवर्क के काम करने के तरीके को क्रमवार ढंग से दिखाया गया है। इसके साथ ही आदित्य धर की पिछली फिल्म उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक और धुरंधर के बीच गहरे संबंधों की भी चर्चा हो रही है। बावजूद इसके, फिल्म कई अहम बिंदुओं पर सस्पेंस छोड़ देती है।

Advertisement

कौन हैं ‘बड़े साहब’? रहस्य अब भी बरकरार


फिल्म में अर्जुन रामपाल द्वारा निभाए गए किरदार मेजर इकबाल के संवादों में ‘बड़े साहब’ का जिक्र बार-बार आता है। संजय दत्त के किरदार एसपी असलम चौधरी भी इस रहस्यमयी शख्स का नाम लेते नजर आते हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि ‘बड़े साहब’ वास्तव में कौन हैं। सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा है कि यह किरदार दाउद इब्राहिम से जुड़ा हो सकता है, लेकिन फिल्म में इसे लेकर कोई ठोस संकेत नहीं दिए गए हैं।

क्या था मेजर इकबाल और रहमान डकैत का दूसरा मिशन? फिल्म ने नहीं खोला राज


दूसरा बड़ा सवाल मेजर इकबाल और ल्यारी के गैंगस्टर रहमान डकैत के दूसरे मिशन को लेकर है। फिल्म में दिखाया गया है कि दोनों पहले मिशन में 26/11 मुंबई हमले के लिए हथियार और गोला-बारूद तैयार करते हैं। इसके बाद दूसरे हमले की योजना के तहत 9 अगस्त की तारीख सामने आती है, लेकिन यह दूसरा मिशन क्या था, इसकी जानकारी दर्शकों को नहीं मिल पाती।

ल्यारी की गद्दी के बाद हमजा और एसपी चौधरी का रिश्ता किस मोड़ पर?


फिल्म के एक अहम मोड़ पर हमजा, एसपी असलम चौधरी के साथ मिलकर रहमान डकैत की हत्या करवा देता है और खुद ल्यारी का नया गैंगस्टर बन जाता है। इसके बाद यह सवाल अनुत्तरित रह जाता है कि सत्ता संभालने के बाद हमजा और एसपी चौधरी के रिश्ते किस दिशा में जाते हैं। क्या दोनों साथ बने रहते हैं या नई दुश्मनी की शुरुआत होती है।

क्या ‘धुरंधर’, उरी सिनेमैटिक यूनिवर्स का हिस्सा है? मेकर्स ने छोड़ा सस्पेंस


इसके अलावा, धुरंधर को लेकर यह बहस भी तेज है कि क्या यह फिल्म उरी सिनेमैटिक यूनिवर्स का हिस्सा है। उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक में कीर्ति कुल्हारी के किरदार द्वारा अपने पति कैप्टन जसकीरत सिंह रंगी के नौशेरा सेक्टर में शहीद होने का जिक्र किया गया था। धुरंधर में रणवीर सिंह का किरदार हमजा दरअसल जसकीरत सिंह रंगी ही बताया गया है, जिसके बाद दोनों फिल्मों के बीच कनेक्शन की अटकलें और मजबूत हो गई हैं। हालांकि, फिल्म में इस संबंध को स्पष्ट रूप से स्थापित नहीं किया गया है।

इन सभी अनसुलझे सवालों को लेकर दर्शकों में चर्चा जारी है। यह साफ नहीं हो पाया है कि निर्देशक आदित्य धर से यह चूक हुई है या फिर जानबूझकर सस्पेंस को आगे की कहानी के लिए बचाकर रखा गया है। फिल्म से जुड़े इन सवालों के जवाब दर्शकों को 19 मार्च 2026 को मिलने की संभावना जताई जा रही है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page