वाराणसी
चेकिंग के दौरान पकड़ाये अफगानी नागरिक ने पूछताछ में उगला 15 साल का राज!
वाराणसी। जिले के कछवां रोड अंडरपास पर शनिवार देर शाम वाहन चेकिंग के दौरान पकड़े गए अफगानी नागरिक को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। रविवार देर शाम एटीएस द्वारा की गई जांच में पता चला कि अफगानिस्तान के काबुल निवासी पीर बादशाह पिछले लगभग 15 वर्षों से नागपुर में अपने बेटे के साथ रह रहा है।
जानकारी के अनुसार, पीर बादशाह बाइक (एमएच 31 बीजी 9639) महाराष्ट्र नंबर से कोलकाता से नागपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान कछवां रोड पर मिर्जामुराद पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान उसे रोक लिया। तलाशी में उसके पास से एक रिफ्यूजी कार्ड मिला, जिसमें उसका नाम पीर बादशाह पुत्र शाह आलम मूसा, जन्मतिथि वर्ष 1964 तथा वैधता वर्ष 2027 दर्ज है।
एटीएस टीम ने उसके मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की भी विस्तृत जांच की। पूछताछ में उसने अपना नाम पीर बादशाह, पिता का नाम शाह मूसा, राष्ट्रीयता अफगानिस्तान तथा वर्तमान भारतीय पता प्लॉट नंबर 27, सेनापति नगर, दीघोरी, उमरेड रोड, नागपुर (महाराष्ट्र) 440024 बताया।
मौके पर मिले दस्तावेजों के सत्यापन में स्पष्ट हुआ कि संबंधित व्यक्ति भारत सरकार एवं UNHCR द्वारा पंजीकृत शरणार्थी (Refugee) है और उसके सभी दस्तावेज वैध पाए गए। पूछताछ में उसकी यात्रा या गतिविधि में कोई आपराधिक या संदिग्ध तथ्य नहीं मिला। उसने बताया कि वह कोलकाता से नागपुर जा रहा था।
दस्तावेजों के सत्यापन व पूछताछ में कोई संदिग्ध तथ्य न मिलने पर पुलिस ने उसे नियमानुसार कड़ी चेतावनी देते हुए छोड़ दिया। उसके पुत्र हनीफ से दूरभाष पर संपर्क कर जानकारी की पुष्टि की गई। साथ ही महाराष्ट्र खुफिया एजेंसी से भी नाम-पता तस्दीक कराया गया। पुलिस ने उसे भविष्य में बिना आवश्यक कारण अनावश्यक रूप से घूमने से मना किया है।
