वाराणसी
ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था के विरोध में ग्राम विकास व पंचायत अधिकारियों ने किया प्रदर्शन
चोलापुर (वाराणसी)। सरकार द्वारा लागू की गई ऑनलाइन अटेंडेंस प्रणाली के खिलाफ ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत अधिकारी समन्वय समिति के प्रदेशव्यापी आह्वान पर सोमवार को वाराणसी के चोलापुर विकासखंड में अधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन किया।
ब्लॉक मुख्यालय पर एकत्र होकर ग्राम विकास अधिकारी (VDO) और ग्राम पंचायत अधिकारियों (VPO) ने बांह पर काली पट्टी बांधकर अपनी असहमति जताई। प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों ने अपनी समस्याओं को विस्तार से रखते हुए एक ज्ञापन खंड विकास अधिकारी (BDO) को सौंपा।
प्रदर्शनकारी अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या और कार्य की जटिलताओं के चलते ऑनलाइन अटेंडेंस प्रणाली व्यवहारिक नहीं है। इसके कारण उन्हें कार्य निष्पादन में अनावश्यक बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन में शामिल प्रमुख अधिकारी, सुनील पाण्डे (ADO ISB), आकाश साहनी (ग्राम विकास अधिकारी), उपेंद्र दीक्षित (ग्राम पंचायत अधिकारी), आनन्दशील अंबेडकर (ग्राम पंचायत अधिकारी), राजेश सिंह (ग्राम विकास अधिकारी), रूपाली यादव (ग्राम विकास अधिकारी), ज्योति गुप्ता (ग्राम पंचायत अधिकारी), निखिल पटेल (ग्राम विकास अधिकारी), ईश दत्त पांडेय (ग्राम विकास अधिकारी), ज्योति सिंह (ग्राम पंचायत अधिकारी), संजय गुप्ता (ग्राम पंचायत अधिकारी), हिना पाण्डेय (ग्राम पंचायत अधिकारी)।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो विरोध और भी तेज किया जाएगा।
