Connect with us

वाराणसी

लग्न मुहूर्त कम, बुकिंग का दबाव बढ़ा; आयोजकों ने बढ़ाए दाम

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। शादियों के लग्न-मुहूर्त कम होने का असर वाराणसी में साफ दिख रहा है। शहर के अधिकांश बैंक्वेट हॉल, लॉन और होटल 8 दिसंबर तक पूरी तरह बुक हो चुके हैं। आयोजकों का कहना है कि मनचाही तारीख न मिलने पर लोग तय राशि का डेढ़ गुना भुगतान करने तक को तैयार हैं, इसके बावजूद जगह मिलना मुश्किल हो गया है।

लॉन संचालकों के अनुसार इस बार लग्न का सीजन छोटा होने से बुकिंग का दबाव कई गुना बढ़ा है। लॉन संचालक अनूप कुमार सिंह बताते हैं कि 8 दिसंबर तक लग्न मुहूर्त होने से शहर भर में लगातार विवाह समारोह आयोजित हो रहे हैं।

इस सीजन जिले में करीब दस हजार से अधिक शादियां हो रही हैं। इसका असर सगाई, जन्मदिन और पारिवारिक भोज जैसे छोटे आयोजनों पर भी पड़ा है। जिन्हें 8 दिसंबर के पहले की तारीख नहीं मिली, उन्होंने 15 दिसंबर तक के स्लॉट बुक करा लिए हैं। नतीजतन 15 दिसंबर तक सभी लॉन और बैंक्वेट की बुकिंग फुल हो चुकी है।

लॉन संचालक राजेश कुमार के अनुसार भारी मांग के चलते कई आयोजक रेट तकरीबन डेढ़ गुना कर चुके हैं, बावजूद इसके ग्राहक अधिक भुगतान करने को तैयार हैं। पहले से तय कार्यक्रमों के कारण कई लोगों को मनमुताबिक तारीख देने से मना करना पड़ रहा है। शहर के छोटे-बड़े सभी बैंक्वेट हॉल और मोहल्लों के आयोजन स्थल भी पूरी तरह बुक हैं।

जिन्हें शहर में जगह नहीं मिल पा रही, वे चंदौली, मिर्जापुर और जौनपुर में वैकल्पिक आयोजन स्थल तलाश रहे हैं। कार्यक्रम प्रबंधन से जुड़े लोगों का कहना है कि दबाव अधिक है, फिर भी कोशिश है कि सभी कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न कराए जा सकें।

Advertisement

वाराणसी टेंट एसोसिएशन के प्रवक्ता राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार सजावट, कैटरिंग, फोटोग्राफी, किराना और खान-पान के कारोबार में भारी तेजी आई है। पिछले वर्ष की तुलना में डेढ़ गुना तक कारोबार बढ़ा है। लग्न भले ही 8 दिसंबर तक ही हों, लेकिन छोटे आयोजनों की वजह से व्यापारियों की चांदी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page