वाराणसी
कालभैरव मंदिर मार्ग के संकरे रास्ते से हटे अवैध ठेले
नगर निगम ने दुकानदारों को दी एफआईआर की चेतावनी
वाराणसी। शहर के मैदागिन क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध काल भैरव मंदिर के आसपास और मंदिर मार्ग पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को नगर निगम प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की। नगर निगम के प्रवर्तन दल ने मंदिर जाने वाले संकरे मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया और दुकानदारों को भविष्य में अतिक्रमण करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
मालूम हो कि मंदिर मार्ग संकरा होने के कारण यहां फूल-माला और पूजा सामग्री बेचने वाले कई दुकानदार अस्थायी दुकानें लगाकर आधा रास्ता घेर लेते थे, जिससे रोजाना जाम की स्थिति बनती थी और श्रद्धालुओं को आवागमन में भारी परेशानी होती थी।
दोपहर में अतिक्रमण की सूचना पर नगर निगम का प्रवर्तन दल पूरे दल-बल के साथ काल भैरव मंदिर क्षेत्र पहुंचा। टीम को देखते ही मार्ग किनारे अवैध दुकान लगाने वाले दुकानदारों में अफरातफरी मच गई। प्रवर्तन टीम के सुरक्षा कर्मियों ने सड़क और नालियों पर कब्जा जमाकर लगाए गए सामान को हटवाया और रास्ता पूरी तरह साफ कराया।

अभियान के दौरान प्रवर्तन दल ने दुकानदारों को दोबारा सड़क पर कब्जा न करने की सख्त चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि अब नियमों की अनदेखी करने पर केवल चालान नहीं कटेगा, बल्कि सामान जब्त किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर FIR भी दर्ज की जाएगी।
प्रवर्तन दल के प्रभारी संजय श्रीवास्तव ने कहा कि नियमों का उल्लंघन किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार, नगर निगम की इस कार्रवाई से उम्मीद है कि दर्शनार्थियों को अब जाम से राहत मिलेगी और मंदिर मार्ग पर अतिक्रमण की समस्या कम होगी।
