गाजीपुर
पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिन बाल दिवस के रूप में मनाया गया
विद्यार्थियों ने लिया आदर्शों पर चलने का संकल्प
भीमापार (गाजीपुर)। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिवस शुक्रवार को जिलेभर में बाल दिवस के रूप में हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर 997 को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों सहित सभी परिषदीय विद्यालयों में बाल मेले का आयोजन किया गया। पूरे जिले में बाल मेले की धूम रही। बच्चों ने विभिन्न आयोजनों के माध्यम से चाचा नेहरू के जीवन, व्यक्तित्व और आदर्शों को जाना तथा पूरे उत्साह के साथ विविध गतिविधियों में भाग लिया।

पंडित नेहरू के जन्मदिवस पर आयोजित गोष्ठियों में शिक्षकों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों को नेहरू जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प भी दिलाया गया। शिक्षा क्षेत्र सादात के कम्पोजिट विद्यालय जगदीशपुर में आयोजित बाल मेले में बच्चों के लिए नींबू दौड़, कुर्सी दौड़, गुब्बारा फोड़, टॉफी लपक, गिलास पर निशाना सहित कई मनोरंजक प्रतियोगिताएं कराई गईं। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

मेले में बच्चों द्वारा विभिन्न प्रकार की स्टॉल भी लगाई गईं। इनमें चाट-फुलकी, फास्ट फूड, पकौड़ी, ब्रेड पकौड़ा, अन्य खाद्य सामग्री, स्टेशनरी और पेंटिंग की स्टॉलें आकर्षण का केंद्र रहीं। विद्यालय की शिक्षिका रुखसाना ने विद्यार्थियों को चाचा नेहरू के आदर्शों पर चलने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर पूजा मिश्रा, सोनू खरवार, सतिराम राम, ऋचा मद्धेशिया, अनीता यादव और मनोज सिंह सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं।
जिले के अन्य सभी विद्यालयों में भी पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिवस बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया।
