गोरखपुर
गोरखपुर : 108 कुंडी गायत्री महायज्ञ से गूंजेगा सहजनवा का परानपुर
राष्ट्र जागरण और नारी सशक्तिकरण का होगा अद्भुत संगम
सहजनवा (गोरखपुर)। राष्ट्र जागरण और नारी सशक्तिकरण के पावन उद्देश्य से प्रेरित 108 कुंडी गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ आगामी 29 नवम्बर से सहजनवा के गायत्री शक्तिपीठ परानपुर में होने जा रहा है, जो 2 दिसम्बर तक चलेगा। यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में आध्यात्मिक चेतना, एकता और नारी के सम्मान के नए युग का उद्घोष माना जा रहा है।
कार्यक्रम के पूर्व रविवार को भूमि पूजन विधिविधानपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ला एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सुमन शुक्ला ने पूर्ण श्रद्धा और आस्था के साथ पूजन-अर्चन कर यज्ञ भूमि को पवित्र किया। दोपहर बारह बजे आरंभ हुए इस अनुष्ठान में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वातावरण वेदमंत्रों की गूंज और गायत्री मंत्र के उच्चारण से अभिभूत हो उठा।

विधायक प्रदीप शुक्ला ने कहा कि “यह महायज्ञ केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच, आत्मशुद्धि और नारी सशक्तिकरण का प्रतीक है। जब तक नारी सशक्त नहीं होगी, तब तक राष्ट्र पूर्ण रूप से जागृत नहीं हो सकता।”
गायत्री परिवार के प्रतिनिधियों ने बताया कि चार दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ में प्रदेश के विभिन्न जिलों से साधक, भक्त और श्रद्धालु भाग लेंगे। प्रत्येक कुंड से उठती आहुति के साथ नारी गरिमा, राष्ट्र और संस्कार जागरण का संकल्प लिया जाएगा।
गांव के लोगों ने भी इस आयोजन को लेकर हर्ष और उत्साह प्रकट किया। परानपुर इन दिनों दिव्यता और भक्ति के रंग में रंग चुका है। आगामी दिनों में यह स्थल आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनने जा रहा है, जहां आस्था, नारी सम्मान और राष्ट्र चेतना का संगम एक साथ देखने को मिलेगा।
