वाराणसी
भिखारीपुर में टूटी जल निगम पाइपलाइन, सड़क पर जलभराव
वाराणसी। आराजी लाइन विकासखंड के ग्राम सभा भिखारीपुर में जल निगम की पाइपलाइन टूटने से सड़क पर लगातार पानी बह रहा है। इसके कारण सड़क पर गड्ढे बन गए हैं, जिसमें बाइक और साइकिल सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। सड़क के किनारे कई स्थानों पर अधूरा छोड़ा गया कार्य नागरिकों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है। जमीन के अंदर डाली गई पाइपलाइन जर्जर हो चुकी है।
ग्रामीणों का कहना है कि जल निगम का पानी व्यर्थ बह रहा है और दूषित पानी घरों तक पहुंच रहा है, जिससे गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। पानी रिसाव वाले स्थान पर कचरे का ढेर भी लगा हुआ है।
ग्रामवासी अंटू, साहब, प्रदीप, महेंद्र और टुनटुन ने बताया कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है और आवागमन में काफी दिक्कत हो रही है। वहीं, विभाग द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ठेकेदारों द्वारा किए गए अधूरे कार्यों की जानकारी विभाग को नहीं है या जानबूझकर अनदेखी की जा रही है।
