Connect with us

सोनभद्र

रोचक गतिविधियों संग समर कैंप का रंगारंग समापन

Published

on

Loading...
Loading...

रेणुकूट (सोनभद्र)। खंड शिक्षा अधिकारी म्योरपुर सुनील कुमार के निर्देशन में समर कैंप का समापन समारोह विकास खण्ड के कम्पोजिट और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बड़े ही उत्साह और विविध गतिविधियों के साथ मनाया गया। क्लास 6 से 8 तक के छात्र-छात्राओं के लिए 21 मई से 10 जून तक चलाए गए।

इस शिविर में बच्चों के सर्वांगीण विकास को केंद्र में रखते हुए अनेक रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बभनडीहा म्योरपुर स्थित कम्पोजिट विद्यालय में आयोजित समापन समारोह में प्रभारी प्रधानाध्यापक रजनीश कुमार श्रीवास्तव, यशोधरा और शिक्षा मित्र दिनेश कुमार ने शिविर की गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि इस कैंप का उद्देश्य बच्चों की मानसिक, बौद्धिक, तार्किक व शारीरिक क्षमताओं को निखारना रहा। योग और व्यायाम सत्रों में सूर्य नमस्कार, वृक्षासन, श्वास अभ्यास सहित इनडोर व आउटडोर गतिविधियों को शामिल किया गया। ‘हमारी सांस्कृतिक विरासत’ विषय पर बच्चों ने क्षेत्रीय नृत्य, पारंपरिक परिधानों का प्रदर्शन किया और मिट्टी व कागज से आकर्षक वस्तुएँ बनाईं। ‘समाज में मेरा योगदान’ के अंतर्गत ग्राम स्वच्छता अभियान चलाया गया और बच्चों ने अपने अधिकारों व कर्तव्यों पर पोस्टर तैयार किए।

पर्यावरण संरक्षण के तहत विद्यालय परिसर में पौधारोपण के साथ-साथ निराई, सिंचाई, गुड़ाई जैसी गतिविधियों के माध्यम से प्रकृति से जुड़ाव कराया गया। पत्तियों का संग्रह कर पर्यावरण डायरी भी तैयार की गई। ‘राष्ट्रीय एकता’ के अंतर्गत देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई और देश के वीरों पर आधारित पोस्टर बनाए गए।

विज्ञान को खेलों के माध्यम से समझाने के लिए विज्ञान क्विज, गणित खेल, शब्द पहेली, जल संरक्षण पर पोस्टर, स्वच्छता और पानी की गुणवत्ता पर चर्चा कराई गई। बच्चों ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चित्र बनाना सीखा और विज्ञान आधारित फिल्में भी देखीं।

Advertisement

‘रीडिंग कैंपेन’ के साथ-साथ विभिन्न भाषाओं में संवाद, और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर विश्व पर्यावरण दिवस भी मनाया गया। समापन समारोह में बच्चों ने अपने अनुभव साझा किए और शिविर में सीखे कौशलों को प्रस्तुत किया।

बच्चों द्वारा लगाए गए स्टालों पर जल संरक्षण, स्वच्छ पर्यावरण, प्रदूषण नियंत्रण आदि विषयों पर आकर्षक पोस्टर, हस्तनिर्मित वस्तुएँ और विज्ञान के छोटे-छोटे प्रयोग प्रदर्शित किए गए, जिससे उपस्थित अभिभावकों और विद्यालय समिति के सदस्यों ने काफी सराहना की।

अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने समर कैंप में भाग लेने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया और सभी अभिभावकों व समिति के सदस्यों के प्रति आभार प्रकट किया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page