वाराणसी
सरकारी नौकरी का झांसा देकर युवक से 11 लाख की ठगी, चार पर एफआईआर
आरोपियों ने जातिसूचक गाली और जान से मारने की धमकी भी दी
गाजीपुर/वाराणसी। बेरोजगारी की मार झेल रहे अनुसूचित जाति के एक युवक से सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 11 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित सुनील कुमार, जो मूल रूप से बिरनो थाना क्षेत्र के सियाबारी गांव के निवासी हैं और फिलहाल विंध्यवासिनी नगर में रहते हैं, उन्होंने चार लोगों के खिलाफ वाराणसी के कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
सुनील ने बताया कि, फरवरी 2019 से मई 2019 के बीच उसने तहबरपुर (मेढ़ो गांव) की लीला देवी और उनके पति संतोष कुमार को चार लाख दस हजार रुपये दिए। दंपती ने उसे सचिवालय में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था। इसके बाद उसे जयप्रकाश सिंह और उसकी बहन मनोरमा सिंह से मिलवाया गया, जिन्होंने खुद को सचिवालय अधिकारी बताया और भरोसा दिलाया कि वे पहले भी कई लोगों को नौकरी दिलवा चुके हैं। इस विश्वास में आकर सुनील ने उन्हें और सात लाख रुपये दे दिए।
लेकिन न तो नौकरी लगी और न ही पैसे वापस मिले। जब पीड़ित ने हाल ही में कचहरी परिसर में इन चारों से पैसे की मांग की तो उन्होंने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
कैंट इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी, धमकी और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
