Connect with us

वाराणसी

आम तोड़ते समय ट्राली से गिरी किशोरी, मौत से परिवार में कोहराम

Published

on

वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के राजपुर गांव में शुक्रवार को आम तोड़ने के दौरान हुई एक दर्दनाक घटना में 20 वर्षीय किशोरी की जान चली गई। वह ट्रैक्टर ट्राली पर चढ़कर बगीचे में आम तोड़ रही थी, तभी अचानक पैर फिसलने से नीचे गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे आनन-फानन में एक निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, राजपुर गांव निवासी लालचंद की पुत्री पिंकी (20) शुक्रवार दोपहर गांव के पास स्थित एक आम के बाग में आम तोड़ने गयी थी। आम तोड़ने के लिए वह वहां पहले से खड़ी एक ट्रैक्टर ट्राली पर चढ़ी और पेड़ की डाली से आम तोड़ने लगी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्राली से नीचे गिर गई।

गिरने के बाद पिंकी बेहोश हो गई और उसके सिर व शरीर में गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल पास के एक निजी नर्सिंग होम में ले गये। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद पिंकी को मृत घोषित कर दिया।

मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिंकी चार बहनों और दो भाइयों में तीसरे नंबर पर थी। परिजनों के अनुसार, वह स्वभाव से हंसमुख और घर की जिम्मेदारियों में सहयोग करने वाली थी। ग्रामीणों के अनुसार, पिंकी की अचानक हुई मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

Advertisement

किशोरी का अंतिम संस्कार मिर्जापुर जनपद के कछवा बाजार थाना क्षेत्र स्थित बरैनी घाट पर किया गया। अंतिम संस्कार में सैकड़ों ग्रामीण और रिश्तेदार शामिल रहें।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page