सोनभद्र
ओवरलोड ट्रक का ब्रेक फेल, दुकान में घुसकर लाखों का नुकसान
रेणुकूट (सोनभद्र)। पिपरी थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ओवरलोड राख लदी ट्रक चढ़ाई चढ़ते वक्त पीछे जाने लगी और सड़क किनारे स्थित एक दुकान में घुसकर सामान तोड़ दिया। हालांकि, इस हादसे में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई, लेकिन लाखों का नुकसान हुआ।शनिवार की सुबह ओवरलोड राख लदी ट्रक तुर्रा चौराहे से पिपरी थाने की ओर चढ़ाई चढ़ रही थी।
अचानक ट्रक चढ़ाई पर आगे नहीं बढ़ पाई और पीछे जाने लगी। ब्रेक फेल होने के कारण चालक ने ट्रक पर से अपना नियंत्रण खो दिया। ट्रक सड़क के किनारे स्थित संजीव राय की आइसक्रीम पार्लर की दुकान में जा घुसी और दुकान के बाहर रखी आइसक्रीम की तीन ट्रालियां, एक डीप फ्रीजर, तीन पानी की टंकियां, दो बेंच और तीन कैरेट सोडा वाटर को नुकसान पहुंचा दिया।
दुकान मालिक संजीव राय ने बताया कि इस हादसे में उन्हें लगभग ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है।हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने चालक को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
चालक ने पुलिस को बताया कि उसके वाहन का ब्रेक फेल हो गया था, जिसके कारण वह ट्रक को रोक नहीं सका। उसने ट्रक को किनारे किया क्योंकि अगर वह पीछे और जाता तो स्कूली बच्चों की वैन उसकी चपेट में आ सकती थी, जिससे और ज्यादा नुकसान हो सकता था। पुलिस ने चालक को थाने में बैठा लिया है और ट्रक मालिक को सूचना दे दी गई है।
