Connect with us

वाराणसी

छात्र का शव फंदे से लटकता मिला, पिता ने जतायी हत्या की आशंका

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के खोंचवा गाँव में शुक्रवार की सुबह एक 17 वर्षीय छात्र का शव नीम के पेड़ से फंदे के सहारे लटकता हुआ पाया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और जानकारी तेजी से फैल गई। मृतक की पहचान नीलमणि उर्फ नीलू (17 वर्ष) के रूप में हुई। जैसे ही मौत की खबर परिजनों तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतार कर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव के साथ-साथ फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड भी घटनास्थल पर पहुंचे।

मृतक के पिता भैयालाल ने बताया कि उनका बेटा नीलमणि उर्फ नीलू कक्षा 10 का छात्र था। कुछ महीने पहले काम के सिलसिले में वह घर से बाहर गया था, लेकिन हाल ही में घर लौट आया था। गुरुवार रात वह गांव में आयी एक बारात को देखने गया था, लेकिन रात को घर वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह उसका शव पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतक के पिता ने आशंका जतायी कि उनके बेटे की हत्या की गई है।

थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के पिता ने फांसी लगाने की तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट रूप से पता चलेगा। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था और क्षेत्र के डंगहरिया गांव के एक इंटर कॉलेज में दसवीं कक्षा का छात्र था।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page