Connect with us

चन्दौली

हनुमान जी की भव्य आरती के साथ दो दिवसीय जन्मोत्सव का समापन

Published

on

Loading...
Loading...

पीडीडीयू नगर (चंदौली)। नगर में दो दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव की धूमधाम से सम्पन्नता हुई। श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगे इस आयोजन ने पूरे नगर को धार्मिक वातावरण में सराबोर कर दिया। मुख्य आयोजन नईसत्ती स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पर आयोजित हुआ, जहां शुक्रवार को पालकी यात्रा के साथ उत्सव का शुभारंभ हुआ।

इस कार्यक्रम में पहले दिन रुद्राभिषेक तथा अखण्ड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। इसके उपरांत शनिवार की सायं 7 बजे से महाआरती प्रारंभ हुई, जिसमें नगर की हजारों महिलाओं ने सामूहिक रूप से आरती कर भगवान बजरंगबली की स्तुति की। दीपों की पंक्तियाँ और भक्तों की श्रद्धा का दृश्य ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो आकाश के तारे स्वयं हनुमान जी की बलैया उतारने को धरती पर उतर आए हों।

महाआरती के पश्चात भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें प्रसिद्ध लोक और भक्ति गायकों ने देर रात तक अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजन संध्या के साथ ही इस दो दिवसीय आयोजन को अगले वर्ष तक के लिए विराम दिया गया।

इस भव्य उत्सव की छटा केवल एक स्थान तक सीमित नहीं रही। नगर के चकिया तिराहा स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर, बस स्टैंड स्थित वीर हनुमान मंदिर, रेलवे स्टेशन सर्कुलेटिंग एरिया स्थित संकटहरण हनुमान मंदिर, तथा धर्मशाला रोड पर स्थित हनुमान मंदिर समेत सैकड़ों मंदिरों में भगवान हनुमान का जन्मोत्सव पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सभी मंदिरों में सुंदरकांड पाठ, प्रसाद वितरण, और विशेष आरती जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Advertisement

इस आयोजन की सफलता में कई सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं का विशेष योगदान रहा। जिनमें प्रमुख रूप से मनोज जायसवाल, मोहन तिवारी, अशोक शुक्ला, अंशुल पांडे, विकास जायसवाल, प्रदीप जायसवाल, अरुण तिवारी, मनीष, पुन्नू, बबलू, शिवकुमार, विपिन, दीपक, पंकज, प्रेमशंकर, राजकुमार, नरेंद्र आदि के नाम उल्लेखनीय हैं। इन सभी ने आयोजन की हर व्यवस्था को बेहतर ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

नगरवासियों ने इस आयोजन को श्रद्धा और भक्ति के अनूठे संगम के रूप में अनुभव किया, और सभी ने अगले वर्ष इस पर्व को और भी भव्य रूप में मनाने की कामना की।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page