Connect with us

वाराणसी

पान विक्रेता को बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली

Published

on

वाराणसी के सिंधौरा थाना क्षेत्र के मरूई बाजार में रविवार की शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई। बाइक सवार तीन हमलावरों ने पान विक्रेता सुरेंद्र कुमार मौर्य को सरेआम गोली मार दी। यह घटना सिंधौरा थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई। हमलावरों ने दो राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली सुरेंद्र के हाथ में लगी।

घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लहूलुहान सुरेंद्र को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उन्हें रेफर कर दिया। वारदात की सूचना मिलते ही पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और आला अधिकारियों को जानकारी दी। थानेदार उस समय मीटिंग में होने का हवाला देते रहे।

स्थानीय लोगों ने बताया कि तीन युवक पड़ोस के गांव से बाइक पर आये थे। एक युवक बाइक स्टार्ट किए खड़ा रहा, जबकि दो दुकान पर पहुंचे और गुटखा मांगा। जैसे ही सुरेंद्र दुकान के दूसरे छोर पर गुटखा देने गया, हमलावरों ने तमंचा निकाल कर फायर कर दिया। जान बचाने की कोशिश में वह दुकान के अंदर भागा लेकिन एक गोली उसके हाथ में लग गई।

हमलावरों का इरादा हत्या का था, लेकिन निशाना चूक गया। पुलिस ने मौके पर देर से पहुंचने पर सवालों का सामना किया। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान में जुटी है और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page