मिर्ज़ापुर
जिलाधिकारी ने सुनी जनता की समस्यायें
मिर्जापुर। जिले में जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन में फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने एक-एक व्यक्ति के पास जाकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से समझा और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आम जनता को बिना जरूरत बार-बार तहसील या कलेक्ट्रेट के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका पूरा ध्यान रखा जाए। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे संवेदनशीलता और तत्परता के साथ समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण व संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित करें।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि/रा) शिव प्रताप शुक्ल, मुख्य राजस्व अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, और डिप्टी कलेक्टर हेमंत मिश्रा भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी का यह प्रयास जनता को त्वरित न्याय और प्रशासन पर भरोसा दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।