मिर्ज़ापुर
संपूर्ण समाधान दिवस पर प्रशासन ने सुनी जनता की समस्याएं, त्वरित निस्तारण का आश्वासन
मिर्जापुर। शासन की मंशा के अनुरूप जनपद के सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जहां उच्च अधिकारियों ने स्वयं मौजूद रहकर जन शिकायतों को सुना और त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
तहसील मड़िहान में मंडलायुक्त विन्ध्याचल मंडल बालकृष त्रिपाठी और पुलिस महानिरीक्षक आर.पी. सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का तहसील स्तर पर ही पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। यहां कुल 64 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 5 का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील लालगंज में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने समाधान दिवस की अगुवाई की। जिलाधिकारी ने 215 प्राप्त प्रार्थना पत्रों में से 18 का मौके पर निस्तारण कर शेष मामलों के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों का निस्तारण पारदर्शिता के साथ किया जाए, और यदि कोई लेखपाल मौके पर पहुंचे बिना शिकायतों का निस्तारण करता है, तो उसकी लाइव लोकेशन मंगवाई जाए।
राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए पूर्ति निरीक्षकों को शो-कॉज नोटिस जारी किया और निर्देश दिया कि सभी ग्राम पंचायतों में कैंप लगाकर राशन कार्ड से संबंधित समस्याओं का समाधान कराया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के अंतर्गत तहसील चुनार में 77 शिकायतों में से 4, तहसील सदर में 128 में से 11 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने 8 राजस्व और पुलिस टीमों का गठन कर आज संध्या तक सभी लंबित मामलों के समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी लालगंज युगांतर त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सी.एल. वर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी अरविंद राज मिश्र समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।