Connect with us

गाजीपुर

सफारी सवार युवकों ने मचाया उत्पात, व्यापारियों ने की गिरफ्तारी की मांग

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर। जिले के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के दुबिहाँ मोड़ पर बुधवार रात टाटा सफारी सवार कुछ युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। देर रात दो मिठाई की दुकानों के काउंटर सहित पांच चारपहिया वाहनों के शीशे तोड़ दिए। गुरुवार सुबह जब स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों को इस घटना की जानकारी हुई, तो उन्होंने अपनी दुकानें बंद कर दीं और सैकड़ों ग्रामीणों के साथ दुबिहाँ मोड़ तिराहे पर धरने पर बैठ गए।

व्यापारियों की मांग थी कि जब तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए पिकेट नहीं लगाती, तब तक वे धरना समाप्त नहीं करेंगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कासिमाबाद के सीओ अनिल चंद्र तिवारी, मोहम्मदाबाद थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा और करीमुद्दीनपुर थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद दोपहर 2:30 बजे व्यापारियों ने धरना समाप्त किया, लेकिन 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि अगर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे फिर से धरने पर बैठेंगे।

घटना को लेकर व्यापारियों ने थाने में तहरीर दी है, जिसमें बताया गया कि टाटा सफारी सवारों ने बुधवार शाम करीब चार बजे रेलवे क्रॉसिंग से पहले बब्बन डोम को धक्का मारते हुए रसड़ा की ओर भाग गए। करीमुद्दीनपुर पुलिस ने घायल बब्बन डोम को जिला अस्पताल भेजा। इसके बाद रात करीब 12 बजे वही टाटा सफारी सवार बदमाश वापस लौटे और अमित यादव की बोलेरो, सेहराब अंसारी की अर्टिगा, सुभाष कुशवाहा की टोयोटा गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। यही नहीं, संतोष यादव और अखिलेश गुप्ता की मिठाई की दुकानों के काउंटर भी तहस-नहस कर दिए। इसके बाद लट्ठूडीह में पत्रकार ओमप्रकाश पांडेय की दो स्कॉर्पियो गाड़ियों के शीशे तोड़ते हुए बदमाश भांवरकोल की ओर भाग निकले।

Advertisement

पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। हैरानी की बात यह है कि बदमाशों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे बिना चेहरा ढके खुलेआम गाड़ियों के शीशे तोड़ते रहे। घटना के पीछे उनका उद्देश्य क्या था, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

व्यापारियों ने इस घटना के लिए पुलिस की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। ग्रामीणों के अनुसार, जब शाम को बब्बन डोम को धक्का मारा गया, तब पुलिस वहीं मौजूद थी, लेकिन तत्परता नहीं दिखाई, जिसके कारण बदमाशों का दुस्साहस बढ़ गया। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page