गोरखपुर
770 ग्राम अवैध गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, चार पहिया वाहन भी बरामद
कैंट पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
बिहार और गोरखपुर के रहने वाले हैं आरोपी, जांच में जुटी पुलिस
गोरखपुर। अपराध नियंत्रण एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत कैंट थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को 770 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त एक चार पहिया वाहन भी बरामद किया है।
चेकिंग के दौरान मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कैंट एवं प्रभारी एएनटीएफ के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से 770 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
तीन आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय कुमार यादव पुत्र हरिशंकर यादव निवासी कोल्हुआ, थाना दरौदा, जनपद सिवान (बिहार), सत्यम शुक्ला पुत्र गोरखनाथ शुक्ला निवासी मेहड़ा, थाना गोला, जनपद गोरखपुर तथा मोहम्मद असलम पुत्र मोहम्मद मुस्ताक निवासी लगड़ी, थाना गुलरिहा, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर कैंट थाना में मुकदमा अपराध संख्या 261/2026 के तहत धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के नेटवर्क और उसके स्रोत की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
वाहन भी किया गया जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन को भी जब्त कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
