Connect with us

गोरखपुर

11 जुलाई को दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Published

on

Loading...
Loading...

फोरलेन सड़क और 264 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण

दूसरे दिन अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री के शिलान्यास की संभावना

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 जुलाई को दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आएंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वह भटहट से बांसस्थान तक बनी लगभग 12 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के पहले आयुष विश्वविद्यालय में निर्मित छात्रावासों सहित करीब 264 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे।

आयुष विश्वविद्यालय में होगा मुख्य कार्यक्रम

आयुष विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बालकों के लिए बने महंत अवेद्यनाथ बालक छात्रावास तथा बालिकाओं के लिए निर्मित राप्ती बालिका छात्रावास का लोकार्पण किया जाएगा। इसी परिसर में मुख्यमंत्री की जनसभा आयोजित करने की भी तैयारी की जा रही है।

600 करोड़ की लागत से बनी फोरलेन सड़क

भटहट से बांसस्थान तक लगभग 12 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण करीब 600 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है। सड़क पर आधुनिक प्रकाश व्यवस्था भी की गई है और संबंधित अधिकारियों द्वारा निर्माण कार्य का निरीक्षण भी पूरा कर लिया गया है।

Advertisement

अडाणी समूह की सीमेंट फैक्ट्री का हो सकता है शिलान्यास

मुख्यमंत्री के दौरे के दूसरे दिन धुरियापार स्थित ग्रेटर गीडा क्षेत्र में अडाणी समूह की प्रस्तावित अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री के शिलान्यास की संभावना है। इस कार्यक्रम में समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

1400 करोड़ का निवेश, 800 लोगों को मिलेगा रोजगार

धुरियापार में लगभग 47 एकड़ भूमि पर अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री स्थापित की जाएगी। करीब 1400 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से लगभग 800 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री गीडा क्षेत्र में लगभग 200 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी करेंगे। गीडा द्वारा धुरियापार में लगभग 6,876 एकड़ क्षेत्र में औद्योगिक टाउनशिप विकसित की जा रही है, जहां कई बड़ी कंपनियां निवेश की तैयारी कर रही हैं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page