Connect with us

गाजीपुर

सादात में विकास कार्यों की गुणवत्ता पर BDO सख्त, पुरानी परियोजनाओं की भी होगी जांच

Published

on

Loading...
Loading...

चार टीमों से कराएंगी विकास कार्यों की जांच, पुरानी फाइलों का भी होगा भौतिक सत्यापन

सादात (गाजीपुर)। सादात ब्लॉक की नवागत खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) राजिता सिंह ने कार्यभार संभालते ही विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की पहल शुरू कर दी है। उन्होंने ग्राम प्रधानों, प्रधान प्रतिनिधियों, ग्राम पंचायत सचिवों, ब्लॉक कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की।

विकास कार्यों की जांच के लिए चार टीमें गठित

बीडीओ रचिता सिंह ने बताया कि ब्लॉक क्षेत्र में विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें मौके पर पहुंचकर पुरानी फाइलों में दर्ज कार्यों का भौतिक सत्यापन करेंगी। इससे अभिलेखों में दर्ज कार्यों और धरातल पर उनकी वास्तविक स्थिति का मिलान किया जा सकेगा।

ईमानदारी से काम करने वालों को मिलेगा प्रोत्साहन

एक साक्षात्कार में बीडीओ ने स्पष्ट कहा, “हम न कोई गलती करेंगे और न गलती करने वालों को छोड़ेंगे।” उन्होंने बताया कि जांच में कार्य सही पाए जाने पर संबंधित लोगों को उचित प्रोत्साहन दिया जाएगा। उनका उद्देश्य ईमानदारी से काम करने वालों का मनोबल बढ़ाना और गांवों में विकास कार्यों को गति देना है।

किसी दबाव में नहीं करेंगी काम

राजिता सिंह ने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी उनकी प्राथमिकता है। वह किसी भी दबाव में काम नहीं करेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी अभिलेखों में दर्ज कार्यों की वास्तविक स्थिति की जांच की जाएगी और धरातल पर हुए कार्यों को ही महत्व दिया जाएगा।

Advertisement

तबादलों पर टिप्पणी से किया परहेज

सादात ब्लॉक में खंड विकास अधिकारियों के बार-बार स्थानांतरण को लेकर पूछे गए सवाल पर रचिता सिंह ने किसी अन्य अधिकारी पर टिप्पणी करने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि वह अपनी कार्यकुशलता और ईमानदारी के दम पर यहां अपनी अलग पहचान बनाकर जाएंगी।

अधूरे विकास कार्यों को पूरा कराना प्राथमिकता

बीडीओ ने कहा कि गांवों में अधूरे विकास कार्यों को पूरा कराना और सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना उनकी प्राथमिकता है। चार टीमों के माध्यम से होने वाली जांच से विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और गुणवत्ता तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page