गाजीपुर
गाजीपुर में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए विशेष अभियान, पात्र मतदाताओं के भरवाए जाएंगे फार्म-6
महिलाओं और थर्ड जेंडर के मतदाताओं को जोड़ने पर जोर, बूथों पर तैनात अधिकारी करेंगे सूची की जांच
गाजीपुर। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर बुधवार को गाजीपुर में एक दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वेद सिंह चौहान ने प्रेसवार्ता में बताया कि जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर जनपद, तहसील और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक अधिकारी को पांच-पांच बूथों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सुबह नौ से शाम चार बजे तक होगी जांच:
अभियान के दौरान अधिकारी निर्धारित मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची का गहन निरीक्षण करेंगे और कमियों को चिह्नित कर उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे। सभी संबंधित अधिकारियों को शाम छह बजे तक निर्धारित प्रारूप में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
महिलाओं और थर्ड जेंडर को मतदाता सूची से जोड़ने पर जोर:
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों के फार्म-6 भरवाए जाएंगे। विशेष रूप से महिलाओं और थर्ड जेंडर समुदाय के पात्र व्यक्तियों को मतदाता सूची में शामिल करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची को अधिक समावेशी बनाया जा सके।
ईपी रेशियो 58 प्रतिशत, लक्ष्य 61 प्रतिशत:
वेद सिंह चौहान ने बताया कि वर्तमान में चिन्हित मतदाताओं का ईपी रेशियो 58 प्रतिशत है, जबकि निर्धारित लक्ष्य 61 प्रतिशत है। इस अंतर को दूर करने के लिए अभियान के माध्यम से आवश्यक सुधार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और समावेशी बनाना है।
