गाजीपुर
सर्पदंश से किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। हरिवल्लमपुर गांव निवासी 48 वर्षीय वीरेंद्र पासवान की रविवार सुबह सर्पदंश से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि वीरेंद्र सुबह करीब पांच बजे घर से कुछ दूरी पर टहल रहे थे। इसी दौरान सांप ने उनके पैर में डस लिया। वह घर लौटकर बाहर रखी चारपाई पर लेट गए। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने स्थानीय चिकित्सक को बुलाया, लेकिन जांच के बाद चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वीरेंद्र खेती-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी पार्वती, दो बेटियां और एक बेटा है। पति की मौत से पत्नी पार्वती और बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने इसकी पुष्टि की।
