गाजीपुर
मिशन शक्ति फेज-5 के तहत गाजीपुर में पुलिस ने चलाया व्यापक जागरूकता अभियान
गाजीपुर। महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के तहत रविवार को जनपद में पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं और आम नागरिकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

पुलिस बल ने मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने लोगों से संवाद करते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए जागरूक किया गया।
मिशन शक्ति अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीमों को भी सक्रिय किया गया। टीमों ने संवेदनशील इलाकों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ अथवा उन्हें परेशान करने वाले शोहदों पर नजर रखी गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जिले में लगातार अभियान और निगरानी जारी रहेगी।
