वाराणसी
सरकारी निर्माण कार्य में बाधा और धमकी देने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल द्वारा चोरी, लूट, नकबजनी एवं हत्या जैसी घटनाओं के अनावरण तथा वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चौबेपुर पुलिस ने सरकारी निर्माण कार्य में बाधा डालने और धमकी देने के मामले में चार नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस उपायुक्त वरुणा ज़ोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा ज़ोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों में वैभव पाण्डेय पुत्र अरविन्द पाण्डेय निवासी राजवारी थाना चौबेपुर, वाराणसी, दीपक पाण्डेय पुत्र विनोद कुमार पाण्डेय निवासी तिसौरा, आजमगढ़, मंगल देव पुत्र महेन्द्र नाथ निवासी तिसौरा, आजमगढ़ तथा पंचानन पाण्डेय पुत्र नरेन्द्र प्रताप पाण्डेय निवासी राजवारी थाना चौबेपुर वाराणसी शामिल हैं। पुलिस ने चारों अभियुक्तों को शनिवार सुबह करीब 08:30 बजे धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी चौकाघाट डा. अरविन्द कुमार ने थाना चौबेपुर में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय राजवारी में चल रहे भवन निर्माण कार्य को कुछ लोगों द्वारा जबरन रुकवाया जा रहा है। आरोप लगाया गया कि निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को ईंट-पत्थर चलाकर धमकाया गया और वहां से भगा दिया गया।
तहरीर के आधार पर थाना चौबेपुर में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया, जिसकी विवेचना उपनिरीक्षक मनीष चौधरी द्वारा की जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना चौबेपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां अभियुक्तगण हंगामा करते हुए शांति व्यवस्था प्रभावित करने की स्थिति में पाए गए। इसके बाद पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्तों के विरुद्ध मु0अ0सं0 0234/2026 धारा 132, 221, 351(3) बीएनएस थाना चौबेपुर कमिश्नरेट वाराणसी में अभियोग पंजीकृत है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार सोनकर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामबहादूर साहनी, उपनिरीक्षक पवन राय तथा कांस्टेबल गुलशन कुमार शामिल रहे।
