मिर्ज़ापुर
संत रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा ने बनाई समरसता अभियान की रणनीति
मीरजापुर जिला कार्यालय में कार्यशाला आयोजित, 29 जुलाई को वाराणसी से कलश लाने की तैयारियों पर हुआ मंथन
जिलाध्यक्ष ने मंडल अध्यक्षों व प्रभारियों को दिए अभियान के सफल संचालन के निर्देश
मिर्ज़ापुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय, पंडित दीनदयाल पुरम कॉलोनी, बरौधा कछार में सोमवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में समरसता संकल्प अभियान की कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री स्वामीनाथ सिंह ने किया।
29 जुलाई को वाराणसी पहुंचेगी जिला टोली
कार्यशाला में जिलाध्यक्ष ने मंडल अध्यक्षों और प्रभारियों को निर्देश दिया कि 29 जुलाई को जिले की टोली श्री गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली गोवर्धनपुर, वाराणसी पहुंचेगी। वहां से प्राप्त पवित्र कलश को मीरजापुर लाया जाएगा। इसी कलश के आधार पर अन्य नए कलश तैयार किए जाएंगे, जिन्हें प्रदेश के विभिन्न जिलों के मंदिरों तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान की रूपरेखा पर हुई चर्चा
बैठक में समरसता संकल्प अभियान को बूथ और मंडल स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति पर चर्चा की गई। अभियान के जिला संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष गौरव ऊमर को कार्यक्रम के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यशाला में विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, रत्नाकर मिश्रा और शुचिस्मिता मौर्य सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
