Connect with us

मिर्ज़ापुर

बिहार-यूपी के रक्तवीरों ने एसडीपी दान कर पेश की मानवता की मिसाल

Published

on

Loading...
Loading...

होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल के विशेष अभियान में 56 पंजीकरण, 38 सफल एसडीपी; विन्ध्य फाउंडेशन ट्रस्ट की अहम भूमिका

दो राज्यों के रक्तदाताओं ने सेवा और एकता का दिया संदेश, कैंसर मरीजों के लिए बढ़ाया मदद का हाथ

मिर्जापुर। होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल, वाराणसी में आयोजित विशेष सिंगल डोनर प्लेटलेट्स (एसडीपी) दान अभियान में बिहार और उत्तर प्रदेश के रक्तवीरों ने मानवता, सेवा और सामाजिक एकता की अनूठी मिसाल पेश की। विन्ध्य फाउंडेशन ट्रस्ट, मिर्जापुर के सहयोग से आयोजित इस अभियान में दोनों राज्यों के रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

अभियान में कुल 56 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 38 रक्तवीरों ने सफलतापूर्वक एसडीपी/रक्तदान किया। इनमें बिहार के 21 और उत्तर प्रदेश के 17 रक्तदाता शामिल रहे। विन्ध्य फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष कृष्णानंद हैहयवंशी, सचिव अभिषेक साहू, कोषाध्यक्ष सौरभ सिंह सहित आठ सदस्यों ने स्वयं एसडीपी दान कर अभियान को मजबूती प्रदान की।

बिहार से आए रक्तदाताओं का उत्तर प्रदेश के साथियों ने आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर केक काटकर उनका अभिनंदन किया गया तथा अभियान के सफल संचालन में योगदान देने वाले टीम लीडरों और स्वयंसेवकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ट्रस्ट के संरक्षक अनिल बरनवाल और नितिन अग्रवाल सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement

अभियान के बाद होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल के चिकित्सकों और ब्लड सेंटर की टीम ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एसडीपी दान कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होता है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि रक्त का कोई राज्य नहीं होता, उसकी हर बूंद केवल जीवन बचाने का कार्य करती है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page