Connect with us

भदोही

शिक्षिका उर्मिला देवी को मिलेगा राज्य अध्यापक पुरस्कार

Published

on

Loading...
Loading...

27 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में योगदान, खेल प्रतिभाओं को निखारने के साथ बेटियों को बनाया आत्मनिर्भर

भदोही। उच्च प्राथमिक विद्यालय खेमईपुर की शिक्षिका उर्मिला देवी को शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ष 2026 का राज्य अध्यापक पुरस्कार दिया जाएगा। शासन की ओर से पुरस्कारों की घोषणा के बाद शिक्षा विभाग और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शिक्षक दिवस के अवसर पर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

सम्हई भटानी निवासी उर्मिला देवी पिछले 27 वर्षों से अध्यापन कार्य से जुड़ी हैं। वह विद्यालय में निर्धारित समय से करीब आधे घंटे पहले पहुंचकर बच्चों की पढ़ाई को रुचिकर और प्रभावी बनाने के लिए नए-नए प्रयोग करती हैं। उनकी पहली नियुक्ति 10 फरवरी 1999 को प्राथमिक विद्यालय असनावं में हुई थी। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय मुंसी और उच्च प्राथमिक विद्यालय सनवईया में सेवाएं दीं। 9 जुलाई 2008 से वह उच्च प्राथमिक विद्यालय खेमईपुर में कार्यरत हैं।

खुद एथलीट, छात्राओं को भी खेल के लिए किया प्रेरित

उर्मिला देवी स्वयं भी सफल एथलीट हैं। उन्होंने 7 जुलाई 2019 को सिंगापुर में आयोजित मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था। खेलों के प्रति अपने इसी जुनून को उन्होंने विद्यालय की छात्राओं के बीच भी विकसित किया।

उनके मार्गदर्शन में विद्यालय की कई छात्राओं ने जिला और राज्य स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर पदक हासिल किए हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों में खेल के प्रति आत्मविश्वास और उत्साह बढ़ा है।

Advertisement

शिक्षा के साथ हुनर से जोड़ा

उर्मिला देवी ने छात्राओं को केवल किताबी शिक्षा तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई, बुनाई और अन्य कौशल प्रशिक्षण से भी जोड़ा। उनका प्रयास रहा कि बालिकाएं शिक्षा के साथ ऐसे हुनर भी सीखें, जो भविष्य में उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने में मदद कर सकें।

उनकी शिक्षण शैली और बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के प्रयासों को क्षेत्र में सराहना मिली है। राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयन की घोषणा के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page