चन्दौली
वृद्ध आश्रम में बुजुर्गों में कंबल वितरित, खिले चेहरे
चंदौली। परिवर्तन सेवा समिति की ओर से सोमवार को दुल्हीपुर स्थित वृद्ध आश्रम में बुजुर्गों को कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर बुजुर्गों के चेहरे पर खुशी झलक उठी। इस अवसर पर वृद्ध आश्रम में मौजूद बुजुर्गों ने समिति के अध्यक्ष चंदेश्वर जायसवाल और अन्य सदस्यों को आशीर्वाद दिया।
अध्यक्ष चंदेश्वर जायसवाल ने कहा कि गरीबों और असहायों की सेवा करना ही समिति का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने इसे मानवता की सच्ची सेवा बताते हुए कहा कि बड़े बुजुर्गों के आशीर्वाद से ही समाज का कल्याण संभव है। उन्होंने संपन्न लोगों से गरीब और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
उन्होंने बताया कि ठंड और शीतलहर से राहत देने के लिए समिति द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गरीब, असहाय, दिव्यांग और बुजुर्गों को कंबल वितरित किए जा रहे हैं। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में 30 से अधिक बुजुर्गों को कंबल दिए गए।
चंदेश्वर जायसवाल ने कहा कि यदि आगे भी जरूरतमंदों की सूचना मिलेगी, तो उनकी टीम सहायता के लिए तत्पर रहेगी। इस अवसर पर एस. फाजिल, दिलीप जायसवाल, मयंक जायसवाल, निखिल गुप्ता समेत समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
