वाराणसी
वाराणसी में आईपीएल सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़, 13 आरोपी गिरफ्तार
फर्जी सोशल मीडिया विज्ञापनों के जरिए लोगों को बनाते थे शिकार, लाखों रुपये की ठगी का खुलासा
एसओजी और कैंट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, मोबाइल-लैपटॉप समेत डिजिटल वॉलेट बरामद
वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और कैंट थाना पुलिस ने आईपीएल सट्टेबाजी और ऑनलाइन ठगी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह सोशल मीडिया पर प्रसिद्ध यूट्यूबर और इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के नाम से फर्जी विज्ञापन बनाकर लोगों को ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए प्रेरित करता था।

पुलिस ने टकटकपुर स्थित एक अपार्टमेंट के बेसमेंट में छापेमारी कर वाराणसी, जौनपुर, सुलतानपुर, फतेहपुर, इटावा, बहराइच, जयपुर और बिहार के गया जिले के रहने वाले 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 17 मोबाइल फोन, 10 लैपटॉप और एक क्रिप्टोकरेंसी डिजिटल वॉलेट बरामद किया गया है।
एआई तकनीक से तैयार किए जाते थे फर्जी विज्ञापन
अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी आईडी बनाकर एआई तकनीक की मदद से प्रसिद्ध यूट्यूबर और इन्फ्लुएंसर्स के नकली विज्ञापन तैयार करते थे।

इन विज्ञापनों में यह दिखाया जाता था कि संबंधित इन्फ्लुएंसर सट्टेबाजी से भारी मुनाफा कमा रहे हैं। इसी झांसे में आकर लोग ऑनलाइन सट्टे में पैसा लगाते थे और ठगी का शिकार बन जाते थे।
मुंबई से संचालित हो रहा था नेटवर्क
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह का मुख्य सरगना मुंबई निवासी मलिक है। वाराणसी में पूरे नेटवर्क का संचालन रवि यादव कर रहा था, जबकि रितेश दिवाकर शुक्ला मुंबई से नेटवर्क की मॉनिटरिंग करता था।
गिरफ्तार युवकों को सट्टेबाजी के कारोबार से छह से आठ प्रतिशत तक कमीशन मिलता था, जबकि अधिकांश रकम मुंबई भेज दी जाती थी। पुलिस आरोपियों के बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है।
साइबर अपराध और ऑनलाइन सट्टेबाजी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कैंट थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और वित्तीय नेटवर्क की तलाश जारी है।
