वाराणसी
वाराणसी मंडल को मिले 3070 नए सिपाही, पासिंग आउट परेड संपन्न
मिशन शक्ति को बल: 491 महिला आरक्षी भी होंगी तैनात
वाराणसी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती के अंतर्गत रविवार को आयोजित पासिंग आउट परेड के साथ ही वाराणसी मंडल को 3070 नए आरक्षी मिल गए। पुलिस लाइंस सहित विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों में आयोजित इस दीक्षांत परेड में अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से सुबह 8:30 बजे परेड को संबोधित करते हुए पुलिस बल के कार्यों की सराहना की, जिसका सीधा प्रसारण सभी प्रशिक्षण स्थलों पर किया गया।

वाराणसी मंडल के अंतर्गत वाराणसी, जौनपुर और गाजीपुर पुलिस लाइन के साथ-साथ 36वीं वाहिनी पीएसी रामनगर और 34वीं वाहिनी पीएसी भुल्लनपुर में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके आरक्षी अब प्रदेश में कानून-व्यवस्था संभालने के लिए तैयार हैं। परेड के उपरांत ये सभी जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात किए जाएंगे और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।
पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के अनुसार, परेड की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई थीं। वाराणसी परिक्षेत्र के जौनपुर और गाजीपुर प्रशिक्षण केंद्रों से 1390 आरक्षी परेड में शामिल हुए। इस अवसर पर प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को सम्मानित भी किया गया।

मिशन शक्ति को सुदृढ़ करने की दिशा में वाराणसी से 491 महिला आरक्षी भी नई जिम्मेदारियां संभालेंगी। इसके अतिरिक्त 36वीं वाहिनी पीएसी रामनगर और 34वीं वाहिनी पीएसी भुल्लनपुर से कुल 1189 आरक्षियों ने परेड में भाग लिया। 36वीं वाहिनी के कमांडेंट डॉ. अनिल पांडेय ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान आधुनिक पुलिसिंग के साथ-साथ मानवीय दृष्टिकोण पर विशेष बल दिया गया है।
वाराणसी रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर में विशेष रूप से महिला आरक्षियों को प्रशिक्षित किया गया, जहां 491 महिला प्रशिक्षुओं ने पासिंग आउट परेड में हिस्सा लिया। पुलिस आयुक्त वाराणसी मोहित अग्रवाल के अनुसार, परेड के बाद इन महिला आरक्षियों को विभिन्न थानों पर तैनात किया जाएगा, जहां वे महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने और आमजन की सहायता में अपनी भूमिका निभाएंगी।
