Connect with us

वाराणसी

वर्दी में रील बनाना पड़ेगा महंगा, पुलिसकर्मियों पर कमिश्नरेट की नजर

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील्स बनाने और तस्वीरें साझा करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। ऐसे मामलों की निगरानी शुरू कर दी गई है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर निलंबन सहित विभागीय कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक कमिश्नरेट में तैनात महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। निगरानी के दायरे में महिला आरक्षी, उपनिरीक्षक से लेकर इंस्पेक्टर स्तर तक के अधिकारी शामिल हैं। विशेष रूप से नए भर्ती पुलिसकर्मियों को सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बताया गया है कि हाल में हुई क्राइम मीटिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को सोशल मीडिया संबंधी दिशा-निर्देशों और नियमों की जानकारी दी गई थी। इसके तहत स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी पुलिसकर्मी वर्दी में, थाने या चौकी परिसर के भीतर, ड्यूटी के समय अथवा सरकारी हथियारों के साथ फोटो या वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा नहीं करेगा।

बीते दिनों काशी और वरुणा जोन में तैनात कई महिला पुलिसकर्मियों की वर्दी में बनाई गई रील्स सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। इन वीडियो के सामने आने के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस मुख्यालय की ओर से भी निर्देश जारी कर कहा गया है कि वर्दी की गरिमा बनाए रखना प्रत्येक पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है।

Advertisement

सूत्रों के अनुसार विभाग अब ऐसे सोशल मीडिया खातों की पहचान कर रहा है, जहां पुलिसकर्मी वर्दी में या ड्यूटी के दौरान वीडियो और रील्स पोस्ट कर रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि इस तरह की गतिविधियां विभाग की छवि को प्रभावित करती हैं और अनुशासनहीनता को बढ़ावा देती हैं।

अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था शिवहरी मीणा ने बताया कि वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील्स बनाने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान कराई जा रही है। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को हिदायत दी कि वे ड्यूटी और वर्दी की मर्यादा बनाए रखें तथा सोशल मीडिया पर फोटो, वीडियो और रील्स पोस्ट करने से बचें।

कमिश्नरेट पुलिस की इस कार्रवाई के बाद विभाग में हलचल बढ़ गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में नियमों का उल्लंघन करने वाले कई पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जा सकती है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page