वाराणसी
दालमंडी में ध्वस्तीकरण अंतिम चरण में, 18 भवनों पर चला बुलडोजर
सड़क चौड़ीकरण परियोजना को गति, सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
बकरीद के बाद फिर शुरू हुआ अभियान, ड्रोन से निगरानी और भारी पुलिस बल तैनात
वाराणसी।पूर्वांचल के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र दालमंडी में ध्वस्तीकरण अभियान अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। शनिवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण दल ने 18 भवनों को गिराने की कार्रवाई शुरू की। इनमें 15 नए पंजीकृत मकान और तीन पुराने भवन शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे क्षेत्र में ध्वस्तीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा, जिसके बाद सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू होगा।
181 भवनों को किया जाना है ध्वस्त
दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत कुल लगभग 181 भवनों को ध्वस्त किया जाना है। प्रशासन का दावा है कि अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और शेष भवनों पर भी जल्द कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी। परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र की सड़कें अधिक चौड़ी और सुगम दिखाई देंगी।

प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई
शनिवार को चलाए गए अभियान के दौरान एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार सिंह, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता के.के. सिंह तथा एसीपी दशाश्वमेध घाट डॉ. अतुल अंजान पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूरे अभियान की निगरानी की।
ड्रोन कैमरों से रखी गई निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल और पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई। आसपास के सभी मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई और ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे इलाके पर नजर रखी गई। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए थे।
बकरीद के कारण रुकी थी कार्रवाई
प्रशासन के अनुसार बकरीद पर्व को देखते हुए ध्वस्तीकरण अभियान अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। त्योहार संपन्न होने के बाद शनिवार से फिर से बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी गई।
पीडब्ल्यूडी अधिकारी ने दी जानकारी
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता के.के. सिंह ने बताया कि शनिवार को तीन पुराने और 15 नए भवनों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत निर्धारित सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
