अपराध
लूट का विरोध करने पर युवक को मारी गोली
वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के बैरवन में सोमवार की रात चेन छीनने का विरोध करने पर बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी जो सीधे उसके कंधे पर जा लगी। घायलवस्था में युवक को उसके दोस्त ने नजदीकी अस्पताल ले गया लेकिन डॉक्टर ने उसे बीएचयू के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, बैरवन का रहने वाला राजेश मिश्रा कार से सवारी ढोता है। रात 11 बजे गांव के ही संतोष पाल के साथ बाइक से घर लौट रहा था। अभी वह घर से थोड़ी दूर ही पहुंचा था तभी बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे। बाइक चला रहे संतोष के गले से सोने की चेन छीनने लगे। पीछे बैठे राजेश ने इसका विरोध किया तो एक बदमाश ने असलहे से उस पर गोली चला दी। गोली राजेश के बाएं कंधे में लगी और वह बाइक से गिर गया। मौका पाकर बदमाश राजातालाब की तरफ भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई।रोहनिया थाना प्रभारी योगेंद्र प्रसाद के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। राजेश अपने पास पास लाइसेंसी पिस्टल रखता था।
