Connect with us

बलिया

लापरवाही पर भड़के डीएम, बंद मिले एमआरएफ सेंटर तो होगी FIR

Published

on

Loading...
Loading...

नगर निकायों की समीक्षा बैठक में सख्त निर्देश, बेल्थरारोड और रतसर कला के ईओ से मांगा स्पष्टीकरण

नाला सफाई, कूड़ा उठान और विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश; गुणवत्ता से समझौते पर होगी कार्रवाई

बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने नगर निकायों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि कूड़ा उठान, नाला सफाई और मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटरों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि निरीक्षण के दौरान यदि कोई एमआरएफ सेंटर बंद मिला तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों को नालों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने तथा कार्य पूर्ण होने के बाद फोटो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना की समीक्षा के दौरान नगरा और रतसर कला में कार्यों की धीमी प्रगति पर डीएम ने नाराजगी जताई। वहीं, राज्य सेक्टर पेयजल व्यवस्था योजना के तहत स्वीकृत 53 कार्यों में से केवल 11 पूरे होने पर संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

Advertisement

नगर पंचायत बेल्थरारोड में स्वीकृत 16 कार्यों में एक भी कार्य पूरा न होने तथा नगर पंचायत रतसर कला में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण शुरू नहीं होने पर जिलाधिकारी ने दोनों अधिशासी अधिकारियों (ईओ) से स्पष्टीकरण तलब किया।

बैठक में डीएम ने कहा कि वह स्वयं विभिन्न योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। यदि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में कमी या समयसीमा के पालन में लापरवाही मिली तो संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार सहित जिले के सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page