Connect with us

गाजीपुर

राष्ट्रीय खेल दिवस पर मैदान में दिखा जोश, छात्र टीम ने गुरुजी को हराकर जीता वॉलीबॉल मुकाबला

Published

on

Loading...
Loading...

नंदगंज, गाजीपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को शहीद स्मारक इंटर कॉलेज नंदगंज में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित प्रतियोगिता में वॉलीबॉल और बैडमिंटन मुकाबले हुए, जिसमें छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य उदय राज की अध्यक्षता में हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में शिक्षक और छात्र टीम के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। कोच अभय प्रताप सिंह की देखरेख में आयोजित इस मुकाबले में शिक्षक टीम की कप्तानी अशोक सिंह ने की, जबकि छात्र टीम की कमान शिवम शर्मा ने संभाली।

शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। शिक्षक टीम ने अपने अनुभव के दम पर छात्रों को चुनौती दी, वहीं छात्र टीम ने जोश और बेहतरीन तालमेल के साथ मुकाबले में अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी। अंत में छात्र टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शिक्षक टीम को शिकस्त देकर वॉलीबॉल मुकाबला अपने नाम कर लिया। छात्रों की जीत के बाद विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इसी क्रम में कोच जितेंद्र राम की देखरेख में बैडमिंटन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें छात्र हर्ष ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने खेल कौशल का परिचय दिया और प्रतियोगिता में बाजी मारी। अन्य प्रतिभागियों ने भी पूरे उत्साह के साथ मुकाबले में हिस्सा लिया।

Advertisement

इस अवसर पर प्रधानाचार्य उदय राज और प्रवक्ता गौरव प्रताप सिंह ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से छात्रों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद की गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।

विद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं की मौजूदगी रही। राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित इन मुकाबलों ने विद्यार्थियों में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और टीम भावना का संदेश भी दिया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page