गाजीपुर
तालाब में तब्दील हुआ गदाईपुर का सड़क मार्ग
200 मीटर तक जलभराव से ग्रामीण बेहाल, गांव से बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता बना मुसीबत
मरीजों को चारपाई पर उठाकर ले जाने की मजबूरी, स्कूली बच्चों का आवागमन भी प्रभावित
बहरियाबाद (गाजीपुर)। जिले के पश्चिमी छोर पर स्थित सादात ब्लॉक की ग्रामसभा गदाईपुर में बारिश के बाद सड़क मार्ग तालाब में तब्दील हो गया है। राजभर बस्ती के दोनों तरफ करीब 200 मीटर तक सड़क पर एक फीट तक पानी जमा होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार यह गांव से बाहर निकलने का प्रमुख रास्ता है।

मरीजों को चारपाई पर उठाकर ले जाने की मजबूरी
जलभराव के कारण ग्रामीणों का पैदल आवागमन भी मुश्किल हो गया है। गंभीर रूप से बीमार मरीजों को पानी से होकर चारपाई पर उठाकर गांव से बाहर ले जाने की मजबूरी बनी हुई है। ग्रामीणों के लिए राहत की बात यह है कि गांव से करीब 500 मीटर दूर आजमगढ़ जिले के तरवां-परमानपुर बाजार में 100 बेड का सरकारी अस्पताल स्थित है, लेकिन जलभराव के कारण वहां तक पहुंचना भी चुनौती बना हुआ है।
स्कूली बच्चों का रास्ता भी प्रभावित
सड़क पर पानी भरने से लिंक मार्ग का पता नहीं चल पा रहा है। इससे आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। स्कूली छात्र-छात्राओं को भी स्कूल जाने के लिए कई किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में पशुओं का चारा, खाद और अन्य जरूरी सामान लेकर पानी से गुजरना पड़ता है।
सफाई और स्ट्रीट लाइट की भी समस्या
समाजसेवी परवीन यादव (दादा) और पूर्व फौजी अनिल सिंह ने बताया कि गांव में विकास कार्यों की स्थिति संतोषजनक नहीं है। कई स्थानों पर गंदगी का अंबार लगा है और सफाई व्यवस्था को लेकर भी शिकायतें हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट और सार्वजनिक बैठने की व्यवस्था भी नहीं है। गांव के समीप से नहर गुजरने के कारण जलभराव की समस्या और बढ़ जाती है।

मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत
ग्रामीण कोमल राजभर ने बताया कि सड़क की समस्या से मंत्री ओम प्रकाश राजभर और सुभासपा विधायक बेदी राम सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन आश्वासन के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
समाजसेवी नवीन चौहान ने बताया कि सड़क, नाली और बिजली की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की गई है। उत्तर प्रदेश ग्रामीण सड़क योजना के अधिशासी अभियंता इसकी जांच कर रहे हैं। जल्द ही एसडीएम जखनियां, खंड विकास अधिकारी सादात और जिलाधिकारी गाजीपुर को भी ज्ञापन दिया जाएगा।
ग्रामीणों परविंदर यादव, अनिल सिंह, रविंद्र यादव और संतोष राजभर सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क का जल्द निर्माण कराकर जलभराव की समस्या से निजात दिलाई जाए, ताकि बारिश के दौरान आवागमन सुगम हो सके।
