गोरखपुर
युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
गोरखपुर। जनपद के पिपराइच थाना क्षेत्र अंतर्गत हरखापुर गांव में शनिवार को करीब दोपहर 3 बजे एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान आकाश कनौजिया पुत्र सुरेश कनौजिया के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पिपराइच पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आकाश कनौजिया नशे का आदी बताया जा रहा है, हालांकि आत्महत्या के पीछे की ठोस वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए हैं।
इस संबंध में पिपराइच पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
