Connect with us

जौनपुर

मेडिकल कॉलेज में शराब के नशे में गार्ड का हंगामा

Published

on

Loading...
Loading...

मरीजों से दुर्व्यवहार की शिकायत पर जांच, नशे की पुष्टि होने के बाद हटाने की प्रक्रिया शुरू

जौनपुर। शहीद उमानाथ सिंह स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय में ड्यूटी के दौरान एक सुरक्षा गार्ड के शराब के नशे में हंगामा करने और मरीजों से अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने जांच कराई, जिसमें गार्ड के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात गार्ड मरीजों के साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार कर रहा था। इसका विरोध करने पर वह मौके पर मौजूद पत्रकार विद्याधर विद्यार्थी से भी उलझ गया और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। घटना के बाद इसकी लिखित शिकायत मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर.बी. कमल से की गई।

जांच में शराब पीने की पुष्टि

प्राचार्य डॉ. आर.बी. कमल ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित गार्ड को बुलाकर जांच कराई। जांच में उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसके विरुद्ध कार्रवाई का निर्णय लिया गया।

प्राचार्य ने बताया कि संबंधित गार्ड मनोज कुमार सिंह, पुत्र त्रिभुवन नाथ सिंह, निवासी खानापट्टी, थाना सिकरारा (जौनपुर) है। वह भारत रक्षा मंत्रालय से संबद्ध पूर्व सैनिक कल्याण निगम के माध्यम से मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात था।

Advertisement

गार्ड को हटाने के लिए निगम को भेजा गया पत्र

प्राचार्य ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर गार्ड को हटाने के लिए पूर्व सैनिक कल्याण निगम को पत्र भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों और उनके परिजनों के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गौरतलब है कि प्रतिदिन हजारों मरीज उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचते हैं। ऐसे में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मी के शराब के नशे में पाए जाने की घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page