Connect with us

गोरखपुर

मानसरोवर रामलीला मैदान में 10 से 23 अक्टूबर तक होगा भव्य रामलीला मंचन

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। रामलीला मैदान मानसरोवर में रामलीला समिति आर्य नगर की ओर से इस वर्ष 109वें वर्ष रामलीला का भव्य मंचन किया जाएगा। आयोजन को लेकर समिति अध्यक्ष पुष्प दंत जैन की अध्यक्षता में बैठक हुई। अध्यक्ष ने बताया कि इस बार रामलीला को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने की तैयारी की गई है।

वृंदावन की टीम करेगी प्रस्तुति

समिति के अनुसार श्री राम शर्मा (निमाई जी) के नेतृत्व में श्री राधा विनोद लीला संस्थान, वृंदावन की ओर से रामलीला की प्रस्तुति की जाएगी। रामलीला का आयोजन 10 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक लगातार चलेगा।

10 अक्टूबर से होगा शुभारंभ

10 अक्टूबर को सुबह 10 बजे सुंदरकांड पाठ होगा। शाम सात बजे उद्घाटन, गणेश पूजन, नारद मोह और पृथ्वी पुकार की लीला होगी। 11 अक्टूबर को श्रीराम जन्म, विश्वामित्र आगमन, अहिल्या उद्धार और पुष्प वाटिका का मंचन किया जाएगा। 12 अक्टूबर को धनुष यज्ञ और परशुराम संवाद होगा।

राम बारात और श्रीराम विवाह

13 अक्टूबर को शाम सात बजे हनुमान जी मंदिर गोरखनाथ मुख्य गेट के सामने से श्रीराम बारात निकलेगी। यह बारात मानसरोवर मंदिर होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी, जहां श्रीराम विवाह का मंचन होगा। 14 अक्टूबर को मंथरा-कैकेयी संवाद, दशरथ-कैकेयी संवाद और श्रीराम वनवास की लीला होगी। इसी दिन वन यात्रा भी निकाली जाएगी।

वन यात्रा में उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब

वन यात्रा में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीरामचंद्र जी की सवारी श्री ठाकुर मदन मोहन जी मंदिर आर्य नगर से उठकर बक्शीपुर, हिंदी बाजार, लालडिग्गी और जाफरा बाजार होते हुए आर्य नगर पहुंचेगी। 15 अक्टूबर को केवट संवाद, श्रवण कुमार और दशरथ मरण का मंचन होगा।

Advertisement

राम-भरत मिलन से लंका दहन तक

16 अक्टूबर को श्रीराम मिलन, जनक जी का आगमन, राम-भरत संवाद और भरत जी का चरण पादुका लेकर वापस लौटने का प्रसंग होगा। 17 अक्टूबर को नासिका भेदन, सीताहरण, जटायु मोक्ष और शबरी आश्रम की लीला होगी। 18 अक्टूबर को हनुमान जी की भेंट, सुग्रीव से मित्रता, बालि वध, सीता की खोज और लंका दहन का मंचन किया जाएगा।

युद्ध प्रसंगों का होगा मंचन

19 अक्टूबर को विभीषण शरणागत, अंगद-रावण संवाद, रामेश्वर स्थापना, मेघनाद-लक्ष्मण युद्ध, लक्ष्मण शक्ति, सुषेन वैद्य और कालनेमि प्रसंग होंगे। 20 अक्टूबर को शाम चार बजे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भगवान श्रीराम का तिलक एवं आशीर्वचन कार्यक्रम प्रस्तावित है। शाम सात बजे कुंभकरण वध और मेघनाद वध का मंचन होगा।

रावण वध और भारत मिलाप

21 अक्टूबर को अहिरावण वध और रावण वध के साथ आतिशबाजी होगी। 22 अक्टूबर की रात 12 बजे भारत मिलाप की शोभायात्रा घासी कटरा स्थित श्रीराम-जानकी ठाकुर जी मंदिर से निकलेगी। यह जाफरा बाजार, बेनीगंज और चरणलाल चौक होते हुए आर्य नगर पहुंचेगी, जहां प्रातः पांच बजे भारत मिलाप संपन्न होगा।

राज्याभिषेक के साथ होगा समापन

23 अक्टूबर को शाम सात बजे आर्य नगर स्थित भारत मिलाप मंच पर भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक का कार्यक्रम होगा। इसी के साथ इस वर्ष की रामलीला का समापन किया जाएगा।

बैठक में समिति के पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में अध्यक्ष पुष्प दंत जैन, महामंत्री दीप जी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मनीष कुमार अग्रवाल, उपमंत्री कीर्ति रमन दास, संजय अग्रवाल, नित्यानंद, राकेश श्रीवास्तव, विजय खेमका, सरवन तिवारी, पीयूष अग्रवाल, संतोष राजभर, जीतू अग्रवाल, नवोदित त्रिपाठी, विकास जालान, विक्रम जोगी, जयदित सिंह और मीडिया प्रभारी अनुराग गुप्ता सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page